भरावन। अतरौली थाने की पुलिस ने पांच युवकों का गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। छह लाख रुपये कीमत की 415 ग्राम चरस और 460 ग्राम अफीम बरामद की गई है। न्यायालय में पेश करने के बाद पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
अतरौली के प्रभारी निरीक्षक धीरज शुक्ला के मुताबिक लखनऊ, हरदोई जनपद की सीमा पर नरियाखेड़ा के पास शनिवार की सुबह वाहनों की जांच का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर आ रहे पांच लोगों को रुकने का इशारा किया गया, तो यह लोग भागने लगे। इस पर पुलिस ने पीछा कर पांचों को पकड़ लिया। पूछताछ में इन लोगों ने अपना नाम पता कासिमपुर थाना क्षेत्र जरहा निवासी मेराज और जयकरन, भोलाखेड़ा निवासी दयाराम, अलावलपुर निवासी सलीम और अतरौली थाना क्षेत्र के चंदौली निवासी सुशील बताया। इन लोगों के पास से कुल 415 ग्राम चरस और 460 ग्राम अफीम बरामद की गई है। बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत छह लाख रुपये है। इन लोगों के कब्जे से बरामद दो बाइकों के अभिलेख भी नहीं मिले हैं। इसलिए वाहन अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।