हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के फुकहा गांव में बुधवार आधीरात के बाद आग लगने से हुई तबाही की जद में आए लोगों की मदद का सिलसिला तेजी से आगे बढ़ा है।
गोपामऊ के विधायक शनिवार सुबह गांव पहुंचे और अग्निपीड़ित परिवारों के सभी सदस्यों को वस्त्र वितरित किए। महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को उनकी आवश्यकता के कपड़े दिए गए। इस दौरान विधायक ने मुआवजे को लेकर नाराजगी जताई। कई लाख रुपये का नुकसान होने के बाद भी प्रशासन ने यहां 53 हजार रुपये का मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की है।
बुधवार को आग लगने के कारण 35 लोगों के मकान जल गए थे। इस अग्निकांड में लगभग 27 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। बड़ी संख्या में लोगों के मवेशी भी जलकर मर गए थे, तो बिजली के पंखे, अनाज, बाइक, साइकिलें आदि भी जल गई थीं। शनिवार सुबह क्षेत्रीय विधायक श्याम प्रकाश मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवारों को वस्त्र वितरित किए। इस दौरान पीड़ितों ने विधायक को बताया कि लाखों रुपये का सामान जल गया, लेकिन प्रशासन ने सिर्फ 53 हजार रुपये का मुआवजा मंजूर किया है।
इस पर विधायक ने लेखपाल श्रवण को बुलाया और नसीहत दी कि पीड़ितों को नुकसान के मुताबिक मुआवजा दिलाया जाए। क्षेत्रीय ब्लॉक प्रमुख रवि प्रकाश से विधायक ने कहा कि तहसीलदार से बात करें और नुकसान के हिसाब से मुआवजा दिलवाएं। अग्निपीड़ितों की भोजन की व्यवस्था पूर्व प्रधान राज कमल सिंह और उनके छोटे भाई नील कमल सिंह ने प्राथमिक विद्यालय फुकहा के परिसर में की है। इसके अलावा किसान नेता रामलखन पाठक ने हर पीड़ित परिवार को 10 किलो चावल भी वितरित किए।