संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के उधरनपुर हर्रई मार्ग पर सड़क किनारे खड़े पांच सरकारी पेड़ों को काट लिया गया। जानकारी पर वन विभाग ने दो लोगों से एक लाख रुपये जुर्माना वसूल किया है। उधरनपुर हर्रई मार्ग पर बड़ी संख्या में पेड़ लगे हैं। इनमें से कंजी के चार पेड़ और अर्जुन का एक पेड़ जेसीबी से गिराकर लकड़ी गायब कर दी गई। सूचना पर रेंजर आलोक शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
टीम जब पहुंची, तो गिराए गए पेड़ों के निशान मिटाने के लिए जेसीबी से मिट़्टी को समतल किया जा रहा था। इस पर जेसीबी को वन विभाग की टीम ने कब्जे में ले लिया और रेंजर कार्यालय भिजवाया। इसके बाद जेसीबी चालक शाहजहांपुर जनपद के रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव निवासी मित्रपाल से पूछताछ की। साथ ही शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला वाजिदखेल निवासी जाहिर को भी बुलवाया गया। दोनों पर कुल एक लाख रुपये का जुर्माना किया गया। दोनों ने मौके पर ही जुर्माने की रकम अदा कर दी।