हरदोई। शहर में ओवरलोड के कारण लोकल फाल्ट पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। फाल्ट के कारण लोगाें को बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है।
शहर में 56 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। इनको नियमित बिजली आपूर्ति के लिए आठ विद्युत उपकेंद्र संचालित किए गए हैं। इनमें से दो-दो उपकेंद्राें की लाइन 220 केवीए मन्नापुरवा से जोड़ी गई है। विद्युत उपकेंद्र सांडी रोड व गुरगुज्जा उपकेंद्र की मेन लाइन सबसे पुरानी है। पहले इस लाइन से चार उपकेंद्र जुड़े थे। जिसमें सिटी उपकेंद्र व कोयल बाग कॉलोनी उपकेंद्र शामिल हैं। दो उपकेंद्र की लाइन को अलग कर दिया गया है। मगर पुरानी लाइन को बदला नहीं गया। इससे सांडी रोड व गुरुज्जा उपकेंद्र की लाइन जर्जर हो गई है। वर्तमान में बिजली लाइन की क्षमता 265.7 एम्पियर करंट की क्षमता है, जबकि उस पर वर्तमान में 365 से 370 एम्पियर करंट चल रहा है। इससे बिजली लाइन के तार टूटने और केबल जलने की घटनाएं हो रही हैं। इससे आए दिन क्षेत्र की बिजली गुल रहती है। लोकल फाल्ट के कारण शुक्रवार रात दो घंटे तक बिजली गुल रही। वहीं सिटी उपकेंद्र से जुड़े सिनेमा रोड फीडर की बिजली शनिवार दोपहर एक घंटे गुल रही। ओवरलोड के कारण हो रही कटौती से लोग परेशान हैं।
अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि सांडी रोड व गुरगुज्जा उपकेंद्र की लाइन को अलग करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। लोकल फाल्ट जल्द से जल्द सही कराने का प्रयास किया जाता है।