हरदोई। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले शुक्रवार को किसानों ने शहर में बाइक व ट्रैक्टर रैली निकाली। जिसमें प्रशासन से किसानों की समस्या का समाधान करने की मांग की।
किसान यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को किसान आंबेडकर पार्क में एकत्रित हुए। जहां से मांगों के समर्थन में रैली निकाली गई। रैली डीएम चौराहा, नुमाइश चौराहा, बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहा, सोल्जर बोर्ड चौराहा होते हुए कलक्ट्रेट पहुंची। जहां मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
रैली में बाइक व ट्रैक्टर भी शामिल हुए। जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह ने दिए गए ज्ञापन में मांगों के विषय में बताया कि सरकार ने किसानों को सिचाई के लिए मुफ्त बिजली देने की घोषण की थी, जिसे लागू नहीं किया गया। उसे लागू किया जाए, निजी नलकूपों में मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए, गन्ना का मूल्य बढ़ाया जाए,चीनी मिल पर गन्ना किसानों का बकाया है, उसे दिलाया जाए, एमएसपी गारंटी कानून बनाया जाए, एनजीटी के नियमों में किसानों को छूट दी जाए, भूमि अधिग्रहण कानून को किसानों के अनुकूल बनाया जाए, प्रदेश के सूखे व बाढ़ से प्रभावित जनपदों को मैदानी सर्वे कराया जाए और फसल के नुकसान का मुआवजा दिया जाए। ओम प्रकाश, राम स्वरूप, रविंद्र कुमार, राजाराम,गिरीश, सुरेश चंद्र,मन्नीलाल आदि किसान मौजूद रहे।