लो-वोल्टेज को लेकर किसानों ने उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन
- कूंडी फीडर पर हो रही समस्या से आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
पचदेवरा। विद्युत उपकेंद्र अनंगपुर के कूंडी फीडर पर लो वोल्टेज की समस्या से आजिज किसानों ने मंगलवार को उपकेंद्र पर हंगामा किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए धरना दिया।
विद्युत उपकेंद्र अनंगपुर के कूंडी फीडर से जुड़े कमालुपर, भसीडा, लखनौर, अंटा, बराकांट, करीमपुर, मड़िया, धर्मपुर, नरायनपुर, नईबस्ती, पचदेवरा, अनुआ, पकरा, कोंधी, महरई, सहुरापुर, दिवन्नापुर, गजहा व कपूरपुर आदि गांवों और 100 से अधिक निजी नलकूपों को बिजली आपूर्ति की जाती है।
किसानों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से इस फीडर की सप्लाई बदतर है। 24 घंटे में मात्र दो घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इसमें भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इससे नलकूप की मोटर फुंक जाती है। फसलों की सिंचाई नहीं होने से जहां नुकसान हो रहा है। वहीं निजी नलकूप शोपीस बनकर रह गए हैं।
मंगलवार को आशीष सिंह के नेतृत्व में उपकेंद्र पहुंचे किसान सोनू सिंह, मोहन गौतम, संजय गौतम, अनुपम त्रिपाठी, मनोज सिंह, ध्यानपाल, भूपेंद्र सिंह, बाबू राम गुप्ता, पट्टे कश्यप, अमन गौतम, ध्रुव, विपिन, राम भजन, आशीष सिंह व सुनील सिंह आदि ने बताया कि हम लोगों ने 17 अगस्त 2022 को भी प्रदर्शन किया था। तब 18 अगस्त को एसडीएम और विभागीय अधिकारियों ने एक सप्ताह में समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी समस्या हल नहीं हुई।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली की समस्या बनी हुई है, लेकिन अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। नाराज किसानों ने उपकेंद्र के तीनों फीडरों अनंगपुर टाउन, बिबियापुर व कूंडी की आपूर्ति बंद करा दी।