हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के रोशनपुर गांव में एक किसान का शव बुधवार सुबह फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
रोशनपुर निवासी अखिलेश (36) खेती करते थे। मंगलवार देर शाम गांव में ही घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचे। बुधवार सुबह उनका शव गांव के बाहर एक पेड़ में गमछे के फंदे पर लटका मिला।
घटना की जानकारी सुबह निकले ग्रामीणों ने मृतक के भाई सर्वेश को दी। सर्वेश ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। मृतक के परिवार में पत्नी गीता देवी और एक पुत्री है। मृतक के पिता संतराम ने घटना की वजह पूछे जाने पर चुप्पी साध ली। प्रभारी निरीक्षक नारायण कुशवाहा ने बताया कि खुदकुशी का मामला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।