हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के अल्लीगढ़ इटौली में मंगलवार को किसान ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे हैं।
अल्लीगढ़ इटौली निवासी मोहित राजपूत (26) खेती करते थे। पिता खुशीराम ने बताया कि मंगलवार सुबह मोहित गांव के उत्तर पश्चिम में स्थित खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे। खेत में मिर्ची की फसल तैयार हो रही है। दोपहर में पड़ोस के खेत में आलू की गुडाई कर रहे किसानों ने मोहित का शव पाकड़ के पेड़ में गमछे के फंदे से लटकता देखा। जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंच गए। अमित के परिवार में पत्नी रानी, पांच साल का एक बेटा और तीन साल की एक बेटी है। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि मामला खुदकुशी का है। परिजन वजह नहीं बता पा रहे हैं। शव पोस्टमार्टम को भेजा है।