नगर के मोहल्ला नगाइचपाड़ा में मंगलवार की रात एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को खेत में लगे पेड़ पर लटका दिया। पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर के मोहल्ला नगाइचपाड़ा निवासी लालाराम (48) पुत्र सोरन सिंह किसान थे। मंगलवार को मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हो गया था। रात करीब नौ बजे उनका खून से लथपथ शव पिलखुनी नहर के निकट खेत में लगे पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लालाराम के पुत्र विकास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम उसके पिता को मोहल्ले में ही शराब ठेका के निकट दिनेश, हेमंत, वेगवती पत्नी मुकेश व राजश्री पत्नी राजवीर ने घेर लिया था। इन सब ने मिलकर लाठी डंडों व ईंट पत्थरों से उन्हें बुरी तरह मारा पीटा।
घायल लालाराम जैसे-तैसे इन लोगों से बचकर अपने खेत पर पहुंच गए। लेकिन आरोपियों ने खेत पर पहुंचकर फिर पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। बाद में उनके शव को रस्सी से बांधकर पेड़ पर लटका दिया। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
लालाराम का वेगवती के घर आना-जाना था। वेगवती के बेटे इसका विरोध करते थे। इसी बात पर आरोपियों ने लालाराम की पिटाई की। शव पेड़ पर लटका मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
- देवेंद्र सिंह, कोतवाल