शाहाबाद (हरदोई)। नामी कंपनी के नाम पर नकली साबुन बेचे जाने पर कंपनी के एरिया मैनेजर की तहरीर पर दो दुकानदारों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कानपुर के नई बस्ती नौबस्ता निवासी ओम प्रकाश शुक्ला ने बताया कि वह जय साबुन कंपनी के एरिया मैनेजर हैं। शाहाबाद में होलीकला निवासी काशी प्रसाद तिवारी उनकी कंपनी के स्थानीय डीलर हैं। डीलर से जानकारी मिली थी कि कुछ लोग जय साबुन के नाम पर नकली साबुन बेच रहे हैं। इसकी जांच की गई तो पता चला कि नगर के लोधी चौक में विकास कुमार और बेझा रोड पर ललित अपनी अपनी दुकानों पर जय साबुन के नाम पर नकली साबुन बेच रहे हैं। इन दुकानों से 29 नकली साबुन भी बरामद हुए। विकास के गोदाम पर कंपनी का ताला डाल दिया गया है।
कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि ओम प्रकाश शुक्ला की तहरीर पर विकास कुमार और ललित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।