संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए सैंपल लेकर कार्रवाई का भय दिखाकर वसूली करते समय दुकानदारों ने खाद्य निरीक्षक बने युवक को पकड़ लिया। आरोपी युवक ने सैंपल के साथ ही 1200 रुपये भी वसूल लिए थे। युवक को कोतवाली शहर लाया गया है।
जैसा कि बिलग्राम चुंगी के चंदन स्वीट हाउस और दुर्गेश किराना दुकान के संचालक सुधीर कुमार व दुर्गेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर शाम एक युवक दुकान पर आया। युवक ने खुद को खाद्य निरीक्षक बताया और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए। कार्रवाई का भय दिखाकर 1200 रुपये वसूल लिए। युवक के हावभाव संदिग्ध लगने पर उन लोगों ने इसकी सूचना व्यापार मंडल अध्यक्ष श्यामा कुमार को दी।
इस पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार से व्यापारियों व पदाधिकारियों ने बात की, तो पता चला कि वह युवक फर्जी है। पकड़े गए युवक ने अपना नाम शहर के मोहल्ला बाबा मंदिर के पास चौहान थोक निवासी असित गुप्ता उर्फ बालेंद्र गुप्ता बताया। कोतवाल ने बताया कि आरोपी के पास से 1200 रुपये मिले हैं। व्यापारी सुधीर कुमार की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।