शाहाबाद। पूर्व विधायक और सपा नेता आसिफ खां बब्बू ने उधरनपुर में रामलीला मेले को संबोधित किया। उन्होंने डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मेला मैदान के सुंदरीकरण की घोषणा की। यह कार्य अगले साल की रामलीला से पहले पूरा होगा। बब्बू ने कहा कि उधरनपुर के शाहाबाद नगर पालिका क्षेत्र में आने से विकास कार्यों को गति मिली है। जलभराव के लिए नाला निर्माण और प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित हुआ है। नगर पालिका सीमा में जोड़े गए 17 गांवों की विद्युत व्यवस्था को शाहाबाद से जोड़ने की योजना पर भी काम चल रहा है। उन्होंने रामलीला को सांस्कृतिक विरासत, गंगा जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में रामलीला समिति के अध्यक्ष अतुल अग्निहोत्री, रवि शंकर शुक्ला, अनुराग शुक्ला, आलोक त्रिवेदी, अमित त्रिपाठी और अहिबरन पाल मौजूद रहे।