हरदोई। अधूरे आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए। बड़ी संख्या में अधूरे आवासों पर जिलाधिकारी ने भरावन के बीडीओ से नाराजगी जाहिर की। कहा कि प्रगति में सुधार न लाने वाले बीडीओ की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार कलक्ट्रेट सभागार में ग्राम्य विकास और पंचायतीराज विभाग की बैठक की अध्यक्षता की। जनपद स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में किस्तों का भुगतान समय से कराया जाए। पुराने अधूरे आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए।
बीडीओ लाभार्थियों से संवाद कर काम को समय से पूरा कराएं। भरावन बीडीओ से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पंचायत डेवलपमेंट इंडेक्स की जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति की बैठक में कहा कि सतत विकास के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं। फीडिंग का काम समय से पूरा कराया जाए।
मानकों के संबंध में सूचना संकलित की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। सीडीओ सौम्या गुरुरानी, पीडी गजेंद्र तिवारी, डीपीआरओ विनय कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख धर्मवीर सिंह पन्ने समेत अधिकारी मौजूद रहे।