संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के नरायनमऊ गांव निवासी पूर्व प्रधान की मौत की वजह पोस्टमार्टम में भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। जांच के लिए विसरा विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जाएगा।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के नारायमऊ निवासी पूर्व प्रधान गंगाराम (60) का शव सोमवार सुबह करवा गांव के पास चकरोड के किनारे खेत में पड़ा मिला था। गंगाराम की पत्नी प्रभावती ने भतीजे पर हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। भतीजे के घटनास्थल पर न पहुंचने के कारण पुलिस भी उस पर शक कर रही थी, लेकिन बाद में वह मौके पर पहुंच गया था।
शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। विसरा सुरक्षित किया गया है। विसरा को जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। प्रभारी निरीक्षक शेषनाथ सिंह ने बताया कि अलग अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है। हालांकि परिजन भी फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं।