संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता ने बिजली टीम के साथ शहर में कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान केबिल कटी मिली, जिस पर उन्होंने केबिल बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बिजली चोरी पर रोक लगाने के अलावा राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिए।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ में तैनात अधीक्षण अभियंता यतेंद्र गर्ग सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्युत वितरण खंड द्वितीय कार्यालय में अधिकारियोंं व अवर अभियंताओं के साथ बैठक की। बैठक में बिजली कनेक्शनों के लंबित प्रकरण, राजस्व बकाया और बिजली चोरी रोकने के विषय में किए गए कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को नियमित बिल उपलब्ध कराएं जाए और ओवर लोड वाले फीडरों पर अभियान चलाकर बिजली चोरी रोकी जाए। इसके अलावा बकाया बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को प्रेरित किया गया। बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई की।
बैठक के उपरांत अधिशासी अभियंता द्वितीय रविंद्र कुमार ढोलका, एसडीओ केपी सिंह और अवर अभियंता आलोक रावत के साथ शहर के मोहल्ला अशराफ टोला में बिजली कनेक्शनों की जांच की। अधीक्षण अभियंता ने 10 कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान उपभोक्ताओं की केबिल कटी मिली। जिस पर उन्होंने उसे बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिल के संबंध में भी जानकारी ली।