पिहानी (हरदोई)। गर्मी में बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए सब स्टेशन पर मशीनों के सुधार और रखरखाव को बेहतर करने का कार्य किया जा रहा है। पीसीवी पैनल के लग जाने से टिपिंग से राहत मिलेगी। वहीं शुक्रवार को बिजली लाइन पर काम होने के कारण 10 घंटे तक बिजली गुल रही। इससे तकरीबन 18 हजार की आबादी परेशान हुई।
नगर में बिजली आपूर्ति को बेहतर करने के लिए कार्य कराया जा रहा है। पीसीवी पैनल के पड़ जाने से ट्रिपिंग की समस्या दूर होगी। इसके साथ ही मशीनें गर्म होने पर बार-बार रोस्टिंग से भी निजात मिलेगी। शुक्रवार की सुबह बिजली गुल हो गई, तो शाम तक बंद रही। लगातार 10 घंटे तक बिजली बंद होने से लोगों को गर्मी से बेहाल होना पड़ा।
नगर में रिवैंप योजना के तहत नये पोल, नया केबल और ट्रांसफॉर्मर आदि की क्षमता भी बढ़ाए जाने का भी कार्य किया जाएगा। पहले चरण में पोल लगाकर केबल डालने का कार्य किया जा रहा है। अवर अभियंता अजय कुमार शर्मा ने बताया कि कार्य पूरा हो जाने के बाद नगर की बिजली व्यवस्था बेहतर हो जाएगी।