खाली रहे कार्यालय वापस लौटे विद्युत उपभोक्ता
- दूसरे दिन भी बिजली कर्मियों ने नहीं किया कार्य
- बिजली बिल काउंटर पर नहीं जमा हुए बिल
- हड़ताल शुरू, प्रभावित हो सकती है आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बिजली कर्मचारियों का गुरुवार को भी कार्य बहिष्कार जारी रहा। इस कारण बिजली विभाग के कार्यालय खाली रहे। ऐसे में उपकेंद्रों और बिलिंग सेंटर पर बिल जमा करने पहुंचे उपभोक्ताओं को परेशान होकर वापस लौटना पड़ा। इधर, बिजली कर्मचारी मांगे पूरी न होने पर गुरुवार रात 10 बजे से 72 घंटे की हड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद जिले की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले गुरुवार को भी कर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी रहा। कर्मचारियों की मांग है कि ऊर्जामंत्री के साथ हुआ समझौता लागू किया जाए। कर्मचारियों ने कहा कि तीन दौर की वार्ता विफल रही। समझौता लागू न किया गया, आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के दौरान कोई भी कर्मचारी उपकेंद्र नहीं जाएगा और न ही कोई शिकायत का निस्तारण किया जाएगा।
बिजली कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के कारण बिजली विभाग के सभी कार्यालय खाली पड़े रहे। वहां पर चौकीदार के अलावा कोई कर्मचारी नहीं मिला। कर्मचारियों के न होने के कारण बिजली बिल काउंटर भी बंद रहा। इससे उपभोक्ता बिल जमा करने और बिल संशोधन कराने के लिए भटकते रहे। वहीं नए कनेक्शन व मीटर लगवाने का प्रार्थना पत्र दे चुके उपभोक्ताओं की भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इस दौरान अधिशासी अभियंता रवींद्र कुमार, विक्रम गंगवार, एसडीओ केपी सिंह, हरि दीपक यादव, कुलदीप शिवहरे, जेई महेंद्र पालीवाल, मनीष गुप्ता, दिनेश यादव, आलोक रावत, अजय मिश्र आदि मौजूद रहे।