संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी बुजुर्ग किसान की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि पोस्टमार्टम में हुई है। बुजुर्ग के शरीर में तीन चोटें भी मिली हैं। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर पड़ोसी गांव के दो लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी रामभरोसे (65) सोमवार की सुबह खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम तक वापस घर न आने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह उसका शव खेत से लगभग एक किलोमीटर दूर रहोलिया गांव के पास नहर पटरी पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पुत्र अर्जुन की तहरीर पर रामापुर रहोलिया निवासी कमलदेव और शिवशरण के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। अर्जुन का कहना है कि दोनों आरोपियों से पुरानी रंजिश चल रही है। उपनिरीक्षक राज कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।