बेहटागोकुल। थाना क्षेत्र के कोड़रा गांव में संदिग्ध हालात में बुजुर्ग का शव खेत में बनी झोपड़ी के पास पड़ा मिला। आशंका है कि आग से जलकर उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोड़रा निवासी वंशीलाल (70) सोमवार रात खाना खाने के बाद गांव के बाहर खेत में पड़ी झोपड़ी में सोने के लिए गया था। मंगलवार सुबह 10 बजे उनका पोता चाय लेकर खेत गया, लेकिन वापस आकर घर में बताया कि बाबा सो रहे हैं। दोपहर में 12 बजे तक ही जब वंशीलाल घर नहीं गया तो उनका पुत्र अनूप खेत पहुंचा। यहां उनका शव पड़ा हुआ था।
दाहिना हाथ और गर्दन जली हुई थी। सिर में भी छाले पड़े थे। अनूप ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वंशीलाल खुद ही शराब उतारकर पीता था। आशंका जताई जा रही है कि उसने शराब उतारने के बाद पी ली और इसी दौरान आग से झुलसकर उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।