प्रवेश फार्म में दर्ज करनी होगी ई-मेल आईडी
- कक्षा नौ से 12 तक सभी विद्यार्थियों की ई-मेल आईडी अनिवार्य
- विद्यालय की भी बनानी होगी वेबसाइट
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में सभी छात्रों की ई-मेल आईडी होना अनिवार्य है। प्रवेश फार्म में छात्रों को ई-मेल आईडी दर्ज करनी होगी। वहीं, सभी विद्यालयों को अपनी वेबसाइट भी बनानी होगी। इससे छात्रों को ऑनलाइन सूचनाएं उपलब्ध कराने में आसानी होगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध जिले में 627 विद्यालय संचालित हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग में कक्षा नौ से इंटरमीडिएट तक के सभी विद्यार्थियों की ईमेल आईडी बनवाने के निर्देश दिए हैं। इसे वर्तमान सत्र में लागू कर दिया गया है। इसके तहत शैक्षिक सत्र 2024-25 में प्रवेश लेते समय भरवाए जाने वाले आवेदन फार्म में ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से भरना होगा।
सभी माध्यमिक स्कूलों को हर हाल में 20 अप्रैल तक वेबसाइट भी बनानी होगी। वेबसाइट पर विद्यालय से जुड़ी समस्त जानकारियां उपलब्ध करानी होंगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा. महेंद्र देव की ओर से आए पत्र के बाद डीआईओएस बाल मुकुंद प्रसाद की ओर से सभी प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर विद्यार्थियों की ई-मेल आईडी और विद्यालय की वेबसाइट बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि विद्यार्थियों को ईमेल के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान करने की आदत पड़ेगी और वह इसका महत्व समझ सकेंगे।