हरदोई। सांडी बिलग्राम मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में सड़क पर गिरी महिला को डंपर ने रौंद दिया। वहीं, तीन लोग घायल हो गए।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अब्दुल्लापुरवा निवासी अखिलेश (23) खेती करता है। बुधवार को भाई दूज के मौके पर वह पत्नी नीलम (22) और पुत्री दिव्या (2) के साथ बाइक से इटोली गांव ससुराल गया था। लौटते समय साला रोहित (14) ने भी साथ चलने की जिद की। इस पर एक ही बाइक से अखिलेश, नीलम, दिव्या और रोहित अब्दुल्लापुरवा जाने के लिए रवाना हो गए। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सांडी बिलग्राम मार्ग पर दुर्गागंज के निकट एक तेज रफ्तार बाइक ने अखिलेश की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अखिलेश, दिव्या और रोहित फुटपाथ की तरफ गिर गए, जबकि नीलम सड़क की तरफ गिर गई। इसी दौरान उधर से निकल रहे डंपर ने नीलम को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक डीडी सिद्धार्थ ने बताया कि दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से भाग गए। डंपर और चालक पुलिस के कब्जे में है।