हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के बरैय्यापुरवा इंदिरानगर में बड़े भाई ने छोटे भाई की प्लॉट पर सोने को लेकर हुए विवाद में चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में खलबली मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से भाग निकला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बरैय्यापुरवा इंदिरानगर निवासी श्यामा कुमार गुप्ता किराए के मकान में रहते हैं। वह मोहल्ले में ही खरीदी गई जमीन पर मकान बनवा रहे हैं। मकान बनने के कारण वहां निर्माण सामग्री पड़ी है। इस कारण प्रतिदिन परिवार का कोई न कोई सदस्य रात में वहां रुकता है। उनके दो पुत्र रवि और विमलेश हैं। रवि तांगा चलाता है और विमलेश मजदूरी करता है।
सोमवार शाम रवि गुप्ता और विमलेश के बीच मोहल्ले की एक दुकान पर प्लॉट पर सोने को लेकर विवाद हो गया। रवि को विमलेश प्लॉट पर सोने के लिए कह रहा था, इस बात को रवि मान नहीं रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस पर रवि ने विमलेश के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे विमलेश खून से लथपथ हो कर गिर पड़ा। मौके से रवि भाग निकला। आसपास के लोगों के अनुसार दोनों भाई नशे में थे। विमलेश को मेडिकल काॅलेज लाया गया, यहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पिता श्यामा कुमार गुप्ता की तहरीर पर रवि के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शहर कोतवाल नारायण कुमार कुशवाहा ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच मामूली विवाद था। चाकू लगने से विमलेश की मौत हो गई। आरोपी मौके से भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया गया है।