हरदोई। शहर के लक्ष्मी पुरवा निवासी कवि, साहित्यकार डाॅ. राघवेंद्र मिश्र प्रणय को जय शंकर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि पर मित्रों व साहित्यकारों ने बधाई दी हैं।
डॉ. राघवेन्द्र मिश्र प्रणय को उनकी प्रथम काव्यकृति अंजुरी भर प्यास ( गीत-संग्रह) के लिए राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान की ओर से जयशंकर प्रसाद पुरस्कार से लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा ने सम्मानित किया। फरवरी माह माह में उनके इस गीत संग्रह का लोकार्पण जनपद की साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था सरस्वती सदन में हुआ था। डॉ. मिश्र वर्तमान में लखनऊ के महाराजा बिजली पासी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय आशियाना में हिंदी के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। कार्यक्रम में सीएसएन पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. बंशीधर शुक्ल, समाजसेवी साहित्यकार मनीष कुमार मिश्र भी मौजूद रहे। उनकी इस उपलब्धि पर डॉ. ब्रह्मस्वरूप पांडेय, अरुणेश वाजपेयी, डॉ. शिवशरण सिंह चौहान, अखिलेश वाजपेयी, ब्रजराज सिंह तोमर, आलोक टंडन, श्रवण मिश्र राही, अजीत शुक्ल, श्याम त्रिवेदी पंकज ने बधाई दी।