हरदोई। लखनऊ रोड स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में हुए बवाल के बाद डॉक्टरों में दो फाड़ हो गए हैं। बुधवार को सीएमएस ने खुद ओपीडी की और मरीजों को परामर्श देने के साथ ही दवा भी उपलब्ध कराई। इस सबके बीच सीएमएस के साथ मोबाइल पर अभद्रता किए जाने की बात भी सामने आई है।
नया गांव मुबारकपुर निवासी एक बुजुर्ग की सोमवार शाम उपचार के दौरान 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में मौत हो गई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक व स्टाॅफ के साथ मारपीट की थी। इसपर मंगलवार को कार्रवाई न होने से नाराज डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे। सीएमएस डा. मनोज श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीएमएस ने डॉक्टरों से काम पर आने की अपील भी की थी। इसके बाद भी वह काम पर नहीं आए। डॉक्टरों का आरोप था कि सीएमएस ने जानबूझकर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जबकि डॉक्टरों ने मारपीट करने वाले लोगों के नाम दिए थे। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी डॉक्टर कर रहे थे। इसके बाद सीएमएस डाॅ. मनोज खुद ओपीडी में बैठ गए और मरीजों का उपचार करने लगे।
सीएमएस डा. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि चिकित्सकों ने उन्हें फोन कर बहुत अभद्रता की। सीओ सिटी अंकित मिश्रा जब सीएमएस से मिलने पहुंचे, तो सीएमएस ने उन्हें डॉक्टरों की रिकॉर्डिग भी सुनवाई। इसमें एक डाॅक्टर सीएमएस से अशिष्ट शब्दों से बात कर रहा है।
पूरे मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अंकित मिश्रा, सीओ सिटी