हरदोई। साहब, तहसील में खेत का दाखिल- खारिज कराने के लिए सेहदा के रहने वाले एक व्यक्ति ने लेखपाल को देने के लिए पांच हजार रुपये सात माह पहले दिए थे। अभी तक न दाखिल- खारिज हुआ न रुपये वापस मिले।
उमराव मजरा थोक खाला के रहने वाले सर्वेश की बात सुनकर डीएम एमपी सिंह का पारा चढ़ गया। उन्होंने टड़ियावां थाने के समाधान दिवस में मौजूद लेखपाल को फटकार लगा दी। कहा कि पीड़ित के रुपये भी वापस दिलाओ और काम जायज है तो वो भी कराआे।
माह के दूसरे शनिवार होने के कारण सभी कोतवाली और थाना परिसर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व संबंधी ऐसी शिकायतों की सुनवाई भी हुईं, जो अक्सर पुलिस के पास जाती हैं। डीएम एमपी सिंह और एसपी केसी गोस्वामी ने शनिवार को टड़ियावां थाने में शिकायतों को सुनकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान टड़ियावां थाने के पास से निकली रोड और नाली पर किए गए अतिक्रमण पर भी डीएम की निगाह पड़ गई। डीएम ने अतिक्रमण करने वालों को थाने में तलब कर लिया और राजस्व व पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि मौके पर जाकर रविवार को अतिक्रमण हटवाएं। सवायजपुर में आयोजित समाधान दिवस में नायब तहसीलदार राजेश कुमार की माैजूदगी में दो शिकायतें दर्ज की गईं। एक शिकायत का निस्तारण तुरंत कर दिया गया। इस दौरान कोतवाल शेषनाथ सिंह भी मौजूद रहे।