हरदोई। अयोध्या, वृंदावन जैसे तीर्थ स्थलों को जाने के लिए अब जनपद वासियों को संसाधनों के अभाव का सामना नहीं करना पड़ेगा। राज्य सड़क परिवहन निगम ने आबकारी मंत्री के प्रस्ताव पर चार धर्मनगरियों के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। 16 जनवरी से अयोध्या, वृंदावन, मेहंदीपुर बालाजी और हरिद्वार के लिए हरदोई से सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू हो जाएगी।
जनपद से बड़ी संख्या में लोग तीर्थ करने के लिए जाते हैं। हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रेनें तो हैं, लेकिन इनमें आरक्षण की परेशानी बनी रहती है। ऐसे में राहत भरी खबर यह है कि हरिद्वार के लिए रोडवेज की सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है। उधर, अयोध्या, वृंदावन और मेहंदीपुर बालाजी के लिए हरदोई से न तो सीधी ट्रेन सेवा है और न ही बस सेवा। अधिकांश श्रद्धालु अयोध्या जाने के लिए लखनऊ से साधन पकड़ते हैं, तो वृंदावन और मेहंदीपुर बालाजी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी फर्रूखाबाद और आगरा से साधन मिलता है।
इन सभी धर्मस्थलों के लिए 16 जनवरी से रोडवेज बस सेवा शुरू हो रही है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अपराजित श्रीवास्तव ने बताया कि आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल 16 जनवरी को दिन में साढ़े 11 बजे इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इनसेट
इतना देना होगा किराया
हरदोई से वृंदावन - 330 रुपये
हरदोई से हरिद्वार - 600 रुपये
हरदोई से मेहंदीपुर बालाजी - 500 रुपये
हरदोई से अयोध्या - 353 रुपये
वर्जन
बड़ी संख्या में जनपदवासियों ने धार्मिक स्थलों के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कराने का अनुरोध किया था। अयोध्या तो अब विश्व पटल पर आ गया है। इसके मद्देनजर अयोध्या के लिए विशेष रूप से बस की व्यवस्था कराई गई है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बसों की संख्या में बढ़ोतरी कराने का प्रयास भी किया जाएगा।
नितिन अग्रवाल, आबकारी मंत्री