संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। संडीला के गोसवा डोंगा में विकास व निर्माण में लापरवाही पर एक और ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। जिला विकास अधिकारी ने बिना अनुमति पत्र के काम व भुगतान किए जाने के मामले की जांच के लिए अहिरोरी के खंड विकास अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया है। कहा है कि 15 दिन के अंदर आरोप पत्र अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें।
जिला विकास अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि संडीला के गोसवा डोंगा में तत्कालीन प्रधान अंकित कुमार, वीडीओ देशराज गौड़ के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद अब वीडीओ आकाश त्रिपाठी के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करा दी गई है। गांव में कराए गए विकास व निर्माण की जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2021-22 में मनरेगा मद से कुंभरानी तालाब पर बंधा निर्माण में अनियमितता कर 1,96,962 रुपये का अधिक भुगतान निकाला गया था।
गोसवा डामर पुल से उन्नाव रोड तक ड्रेन सफाई काम पर उन्नाव सिंचाई खंड से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए बिना ही काम कराना व फर्जी काम दिखाकर 1,72,956 रुपये का भुगतान निकाला जाना। ऐसे ही हैंडपंप मरम्मत के नाम पर 4,48,775 रुपये व रिबोर पर 2,15,930 रुपये का भुगतान किया गया था। बताया कि ऐसे ही अन्य कामों में भी मनमानी किए जाने की पुष्टि हुई थी। विकास व निर्माण में लापरवाही और शासकीय राशि के दुरूपयोग पर वीडीओ के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।