बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र में कुर्सी गांव की पुलिया के पास एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। पास में ही उसकी बाइक भी पड़ी मिली है। परिजन हत्या की आशंका कर रहे हैं। वही, पुलिस सड़क हादसे में मौत होने की बात कह रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सात चोटों की पुष्टि हुई है।
कोतवाली बेनीगंज के अटवा गांव निवासी गंगासागर (20) गांव में चाट का ठेला लगाता था। तीन भाइयों में छोटा था। रविवार की शाम करीब आठ बजे बेनीगंज से अपने घर वापस आ रहा था। जब देर रात घर नही पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की। जब कोई पता नही चला तो परिजनों ने नौ बजे पुलिस को सूचना दी। इसी बीच गंगासागर का शव कोतवाली क्षेत्र के कुर्सी रोड पर कुर्सी गांव के निकट पुलिया के पास मक्का के खेत में शव पड़ा मिला। पिता इंद्र कुमार ने बताया कि गंगासागर के सिर,गर्दन, पेट व पैर में चोट के निशान पड़े मिले हैं। उन्हें आंशका है कि उसके पुत्र की हत्या की गई है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर बाइक भी पड़ी मिली है।
कोतवाल राजदेव मिश्रा ने बताया कि घटना स्थल पर बाइक के घसीटने के निशान मिले हैं। बाइक के गिरने से ही युवक खेत के किनारे लगे कटीले तारों पर गिरकर घायल हुआ है। इससे सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।