संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घंटाघर रोड पर नाले में अज्ञात युवक का शव शनिवार दोपहर लगभग दो बजे पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवाकर शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
शहर में घंटाघर रोड एक प्रसिद्ध होटल के पास से नाला निकला है। इसी नाले में शनिवार को कुछ लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव नजर आते ही मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। देखने में शव दो दिन पुराना लग रहा है, लेकिन जिस स्थान पर शव मिला है, अमूमन उधर से लोगों का आना जाना बना रहता है। नाले में शव बहकर आने की गुंजाइश नहीं है।
पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि लघुशंका करते समय युवक नाले में गिर गया हो। उधर दूसरी ओर शव के चेहरे पर चोट के निशान मिलने के कारण हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से लापता लोगों का ब्योरा भी खंगालना शुरू किया है। शव की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर शिनाख्त कराने की कोशिश हो रही है। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि शव की शिनाख्त देर शाम तक नहीं हो पाई। शव को मॉर्च्युरी में रखवा गया है।