हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के उनौती निवासी अधेड़ का शव गांव से कुछ दूर स्थित एक देवस्थान के पास पेड़ पर गमछे के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाया है।
उनौती निवासी राम शंकर (50) मजदूरी करता था। सोमवार देर रात वह घर से बिना कुछ बताए चला गया था। मंगलवार सुबह पड़ोसी गांव भूड़पुरवा में एक देवस्थान के पास आम के पेड़ पर गमछे के फंदे से उसका शव लटकता हुआ ग्रामीणों ने देखा। जानकारी राम शंकर के परिजनों को दी। घटना का पता चलते ही रामशंकर के परिजन बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। परिवार में पिता कल्लू, पत्नी सरिता, एक बेटा व चार बेटियां हैं। ग्रामीणों की सूचना पर टड़ियावां की पुलिस भी मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की वजह के बारे में परिजनों से बात की गई, लेकिन वह कुछ नहीं बता पा रहे हैं। प्राथमिक जांच में खुदकुशी का मामला सामने आया है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।