हरदोई। चार दिनों से लापता मेडिकल स्टोर कर्मी का शव गुरुवार दोपहर सांडी थाना क्षेत्र में खुटेहना गांव के पास शारदा नहर में पड़ा मिला। बेटे ने शव की शिनाख्त की और हत्या कर शव पेके जाने की आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के न्यू सिविल लाइन्स निवासी राजेश कुमार (48) शहर के एक मेडिकल स्टोर में काम करते थे। उनका बड़ा प़ुत्र शोभित शिमला में रहकर एमबीए की पढ़ाई करता है, दूसरा पुत्र मुकुल भी पढ़ाई कर रहा है। मुकुल ने बताया सोमवार को उसके पिता राजेश अचानक कहीं लापता हो गए थे। उनकी काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला तो मंगलवार को शहर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी बीच उसकी बुआ अमिता वाजपेयी को शुक्रवार को सूचना मिली कि सांडी थाना क्षेत्र के खुटेहना गांव के पास शारदा नहर में एक शव मिला है। इस पर मुकुल अपनी बुआ के साथ सांडी थाने पहुंचा। जहां पर शव की पहचान अपने पिता के रुप में की है। मुकल ने बताया कि पिता का परिवार में जमीन का विवाद चल रहा था।
इसके अलावा सिनेमा चौराहा निवासी एक दोस्त ने उनसे रुपये उधार लिए थे। इन्हीं दो मामलों को लेकर दो लोगोंं पर हत्या कर शव फेंकने की आंशका जताई है। शहर कोतवाल संजय पाडेय ने बताया अभी कोई नामजद आरोपी नहीं है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।