सांडी। सुरसा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुगवां के मजरा रामापुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर ससुरालीजन फरार हो गए। मृतका के पिता की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने शादी के तीन वर्ष बाद भी बच्चा न होने और दहेज को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
सांडी थाना क्षेत्र के घटकना निवासी अनिल कुमार की पुत्री पूनम (30) की शादी वर्ष 2020 में सुरसा थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी अरविंद के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही अनिल कुमार के मुताबिक शनिवार को पूनम के जेठ देवेंद्र का फोन आया और उन्होंने बताया कि पूनम का शव फंदे पर घर के बाहर लटक रहा है। इस सूचना पर अनिल अपने परिजनों के साथ पहुंचे तो मकान के अंदर बने कमरे में पूनम का शव फंदे पर लटक रहा था और परिवार का कोई सदस्य मौके पर नहीं था। घटना को लेकर आरोप है कि शादी के डेढ़ वर्ष बाद से ही ससुरालीजन दहेज के लिए पूनम को पीटते थे। दो दिन पहले भी अरिवंद ने पूनम की पिटाई की थी। इसके बारे में पूनम ने अपने पिता को बताया था।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।