हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के काईमऊ गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर पीटकर हत्या करने और शव फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बघौली थाना क्षेत्र के काईमऊ निवासी आरिफ का निकाह दो साल पहले उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के सिद्धरपुर निवासी साबरी (24) के साथ हुआ था। बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में साबरी का शव मकान के अंदर कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी पर साबरी के पिता याकूब अली भी मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि साबरी की पीठ और गले पर चोटों के निशान हैं।
उन्होंने साबरी की सास ससुर, ननद ओर देवर पर हत्या कर शव फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया है। साबरी के एक साल की बच्ची भी है। थानाध्यक्ष बघौली विवेक वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।