हरदोई। यातायात माह में व्यवस्था सुधार के लिए अधिकारियों को अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम ने कहा कि बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के वाहनों के संचालनों पर अंकुश लगाया जाए।
डीएम एमपी सिंह ने चार फरवरी तक चलने वाले यातायात माह के संबंध में परिवहन विभाग के अधिकारियों से कहा है कि संवेदनशीलता के साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराएं। कहा कि सड़क हादसों में कमी लाए जाने के लिए आमजन में जागरूकता लाई जाए।
अतिक्रमण, पार्किंग और अवैध रूप से संचालित आटो, टैक्सी और बस स्टैंड के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाए। कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े किए जाने पर नगर निकाय, परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से क्रेन आदि के माध्यम से वाहनों को सीज किया जाए। कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर आवागमन बाधित न होने पाए।
कहा कि शहरों के इंट्री प्वाइंट पर वाहन न खड़े होने दिए जाएं। बिना पार्किंग वाले ढाबों पर सड़क किनारे वाहन खड़े पाए जाने पर ढाबा मालिकों पर कार्रवाई की जाए। वाहनों की ओवरलोडिंग रोकी जाए।
अवैध पार्किंग, स्टैंड संचालकों के विरुद्ध अभियान चलाकर गैंगस्टर, गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाए। यूपी-112 के वाहनों द्वारा नियमित मोबाइल पेट्रोलिंग एवं फुट पेट्रोलिंग सुनिश्चित कराई जाए। किसानों में जागरूकता के लिए ग्रामीण स्तर पर कार्यक्रम चलाए जाएं। बताया जाए कि ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवारियों ने बैठाया जाए।