फोटो-28- तिरंगा यात्रा निकालते भाजपा विधायक रामपाल वर्मा
- फोटो : HARDOI
हरदोई । शहर से लेकर गांवों तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोग भारत मां का उद्घोष करते रहे। जिलाधिकारी ने लोगों से हर घर पर झंडा लगाने का आह्वान किया है।
होमगार्ड विभाग की ओर से गांधी भवन में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने होम गार्ड जवानों की हर घर तिरंगा जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गुरुगोरखनाथ गर्ल्स इंटर कालेज, नया गांव मुबारकपुर के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के प्रबुद्ध वर्ग के संयोजक और गुरु गोरखनाथ के प्रबंधक अविनाश मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर किया। सवायजपुर कस्बा में प्रदेश गन्ना संघ के निदेशक एवं ब्लॉक प्रमुख भरखनी के प्रतिनिधि धीरेंद्र प्रताप सिंह सेनानी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई । स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. रणजीत सिंह के पुत्र जगदीश सिंह को माल्यार्पण व अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पूर्व प्रधान गणेश प्रताप्र सिंह , केपी सिंह, राजन सिंह, श्यामू वाजपेई, रामजी मिश्रा रहे।
बिलग्राम मल्लावां क्षेत्र के विधायक आशीष सिंह के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बेनीगंज क्षेत्र में आदमपुर गांव में विधायक रामपाल वर्मा ने बाबा भीमराव आंबेडकर पार्क में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। तिरंगा यात्रा निकाल कर हर घर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया। मल्लावां में हर घर तिरंगा घर-घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर पालिका की ओर से सुभाष पार्क में रक्षाबंधन के पर्व पर रक्षा सूत्र, तिरंगा वितरित किए गए। पालिका के ब्रांड अंबेसडर अभय शंकर शुक्ला, चेयरमैन प्रतिनिधि विशाल जयसवाल, ईओ मुकेश निगम रहे ।
गोपामऊ में प्राथमिक विद्यालय, कन्या प्राथमिक विद्यालय, गोपीनाथ बाल विद्यालय के प्रतिभागी बच्चों ने देश भक्ति के चित्र बनाऐ। अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा ने बताया कि तिरंगा रंगोली कार्यक्रम में तीन विद्यालय के 35 बच्चों ने प्रतिभाग किया। पाली में सीओ शाहाबाद हेमंत उपाध्याय, न्यायिक एसडीएम आरसी यादव व थाना प्रभारी सुनील दत्त के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई।