हरदोई। जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में कई दिनों से फिल्म खत्म हो गई है। कर्मचारी मरीजों का सीटी स्कैन कर उन्हें सिर्फ रिपोर्ट की कॉपी थमा रहे हैं। फिल्म के लिए तीमारदार लगातार कक्ष के चक्कर लगा रहे हैं पर उन्हें रोजाना टकराया जा रहा है। अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को कोसते तीमारदार बैरंग लौट रहे हैं तो जिम्मेदार अभी तक अंजाम बने हैं।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में अव्यवस्थाएं कम नहीं हो रही हैं। कभी एक्सरे फिल्म की कमी तो कभी पैथालॉजी में मशीनें खराब होने से मरीज परेशान हो चुके हैं। अब सीटी स्कैन कक्ष में फिल्म खत्म हो गई हैं। रोजाना 35 से 40 सीटी स्कैन होते हैं। आलम यह है कि पिछले कई दिनों से सीटी स्कैन फिल्म नहीं है। सीटी स्कैन कराने के बाद मरीजों को सिर्फ रिपोर्ट की कॉपी थमाई जा रही है।
डॉक्टर तीमारदारों से फिल्म मांग रहे हैं। इसके लिए तीमारदार लगाकर सीटी स्कैन कक्ष के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन कर्मचारी जल्द ही फिल्म आने की बात कहकर टरका रहे हैं। सीटी स्कैन कक्ष के प्रभारी अंकित यादव ने बताया कि फिल्म खत्म होने से दिक्कतें आ रही हैं। सीएमएस को मांग पत्र भेज दिया है। सीएमएस डॉ. जेएन तिवारी ने बताया कि मांग पत्र भेजकर फिल्म मंगाई गई हैं। फिल्म आने पर मरीजों को उपलब्ध करा दी जाएंगी।