शहर कोतवाली क्षेत्र में बारात में आए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव नाले में पड़ा मिला। सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस नशे के कारण नाले में गिरकर मौत होने की बात कह रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मन्नापुरवा निवासी रामपाल की पुत्री रिंकी की शादी जनपद कानपुर नगर के मोहल्ला आवास विकास सत्यम विहार निवासी बिजेंद्र पुत्र खेमकरन के साथ तय हुई थी। शनिवार को शहर के सरकुलर रोड पर संचालित एक गेस्ट हाउस में वैवाहिक कार्यक्रम था। वहीं पर कानपुर से बारात आई थी। बारात में बिजेंद्र के छोटे भाई अमित का मित्र मधुर पांडेय (29) पुत्र देवेंद्र नाथ पांडेय निवासी सत्यम विहार कालोनी आवास विकास थाना कल्यानपुर जनपद कानपुर नगर भी आया था। अमित के अनुसार जयमाल के बाद मधुर गायब हो गया और उसका पता नहीं चला। उसका फोन बंद हो गया। रविवार को सरकुलर रोड से धन्नुपुरवा जाने वाले मार्ग पर उसका शव नाले में पड़ा मिला। उसके पास ही सड़क किनारे उसका जूता पड़ा था और खून पड़ा था। इसके साथ ही एक आधी ईट पड़ी मिली, जिस पर खून लगा था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। अमित ने दोस्तों के साथ मधुर के शव को देखकर उसकी शिनाख्त की और उसके परिवार को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया। सिर पर चोट के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पिता देवेंद्र ने किसी भी प्रकार की दुश्मनी होने से इनकार किया है। वहीं मधुर के साथी ने सिर्फ नशे की बात कही।
बुढ़ापे का सहारा था मधुर
हरदोई। पिता देवेंद्र पांडेय ने बताया कि उसके दो बेटे थे। छोटे बेटे की बीमारी के कारण वर्ष 2014 में मौत हो गई थी। उसकी पत्नी की भी मौत हो चुकी। एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है। उसने बताया कि उसका बेटा दलहन अनुसंधान केंद्र कानपुर में ठेकेदारी करता था।
नाले में गिरने के कारण हुई मौत
एसएसआई धनश्याम शुक्ला ने बताया कि प्रथमदृष्टया लग रहा है कि बारात में नशे के कारण वह नाले में गिर गया। इससे उसके सिर में चोट लगने से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।