हरदोई। टडियावां क्षेत्र के रावल गांव में मंगलवार रात नकाबपोश डकैतों ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के घर धावा बोल नगदी सहित चार लाख से अधिक का माल लूट लिया। डकैतों ने धमकाने के लिए वीडीओ के भाई को घूंसे और तमंचे की बट से पिटाई भी की। सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने पूछताछ के नाम पर उलझाती रही। डकैती की तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने लूट में रिपोर्ट दर्ज की है।
टडियावां थाना क्षेत्र के रावल गांव निवासी किसान फकीरे लाल चौरसिया के चार बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा अनिल वीडीओ है, जबकि दूसरे बेटे अमरीश बरेली में अधिशासी अभियंता हैं। इनके भाई मुकेश और सुधीर गांव खेतीबाड़ी करते हैँं। वीडीओ हरदोई शहर में लगते हैं। जबकि परिवार के अन्य लोग गांव में रहते हैँ। मंगलवार रात परिवार के लोग सो रहे थे। रात करीब एक बजे 10 नकाबपोश बदमाश आए और मुकेश को दबोच लिया। उससे वीडीओ अनिल के बेटे अश्वनी के बारे में पूछा।
बदमाशों ने धमकाने के लिए मुकेश को एक घूंसा और तमंचे की बट से वार किया। इसके बाद पास पड़े दुपट्टे से हाथ बांधकर मुकेश को उसके कमरे में ले गए। बक्से में रखे उसकी पत्नी सीमा के जेवर और नगदी समेटकर उसे कमरे में बंदकर दिया। इसके बाद बदमाशों ने एक के बाद एक सभी कमरों को खंगाल कर जेवर, नगदी, बर्तन और कीमते कपड़े समेट कर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद मुकेश ने शोर मचाया। इस पर पड़ोसी घर पहुंचे और फोन पर अश्वनी को सूचना दी।
अश्वनी ने करीब 3 बजे हल्का इंचार्ज इकबाल को उनके सीयूजी नंबर पर सूचना दी। करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पूछताछ के नाम पर पुलिस मुकेश को घुमाती रही। पीड़ित ने डकैती की तहरीर दी इसके बावजूद पुलिस ने लूट में मामला दर्ज किया है। पीड़ित मुकेश ने बताया कि डकैती जेवर, नगदी सहित चार लाख से अधिक का माल ले गए हैं।