शहर कोतवाली पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन बाइकें बरामद हुईं हैं।
शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करने को एसपी विपिन कुमार मिश्र ने सीओ सिटी विजय कुमार राना के निर्देशन में शहर कोतवाली टीम को लगाया था। मंगलवार को शहर कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि सीओ सिटी के निर्देशन में सोमवार को सरकुलर रोड पर शहर कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी टीम के साथ जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर आए दो युवकों को रोककर पूछताछ की। युवकों ने अपना नाम गुफरान खान पुत्र सुल्तान, जसवंत पुत्र छोटेलाल निवासी भरिगवां कोतवाली देहात बताया। बताया कि जिस बाइक से वह लोग जा रहे थे, वह चोरी की है। बताया कि उन्होंने कई वाहनों को चोरी करने के बाद बेच दिया है। इसके अलावा कुछ बाइक के टुकड़े कटे हुए दुकान में रखे हैं। बाईपास चौराहे पर पुलिस टीम ने इनकी दुकान पर छापा मारा तो दो बाइक और कटे हुए पुर्जे बरामद हुए। एसपी ने बताया कि तीन बाइकें बरामद हुई हैं। एक बाइक कटी मिली है। चोरी हुई बाइक में से एक बाइक कछौना कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी कमालपुर निवासी मुनेश्वरबक्श की और एक हरियावां थाना क्षेत्र के बोझवा अयूब पुत्र अफसर की है। एसपी ने बताया कि तीन चैंबर पल्ला, एक क्लच लीवर, एक मैगनेट कवर, एक हैंडल प्लेट, एक ड्रम प्लेट, टूटा ब्लाग, 24 ब्रेकशू और सात हब बरामद हुए हैं।
एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि देहात कोतवाली के ओमनगर निवासी महेंद्र सिंह पुत्र श्रीराम का ई-रिक्शा 18 अगस्त को लूट लिया गया था। इस मामले में सीओ सिटी विजय कुमार राना की देखरेख में खुलासे के लिए शहर कोतवाली पुलिस को लगाया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि लूटा गया ई-रिक्शा लेकर कुछ लोग कांशीराम कालोनी से सीतापुर रोड जा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने छापा मारा। ई-रिक्शा के साथ तीन लोग थे, इनमें से एक फरार हो गया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम निखिल दीक्षित पुत्र कौशल किशोर दीक्षित निवासी सी-285, आवास विकास कालोनी कोतवाली शहर हरदोई और दूसरे ने शुभम कुमार पुत्र रामप्रकाश निवासी तिरवा कोठी, सिविल लाइंस कोतवाली शहर फर्रुखाबाद बताया। इनके कब्जे से एक तमंचा, 3500 रुपये और लूटा गया ई-रिक्शा बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि इन लोगों ने 22 अगस्त की रात कैनाल रोड पर दवा लेकर वापस आ रही महिला का बैग भी छीना था। इसमें चार हजार रुपये थे। 500 रुपये आरोपियों ने खर्च कर दिए।