टोडरपुर। सिरोमन नगर में जुए में 30 हजार रुपये हारने पर युवक की पत्नी से कहासुनी हो गई। इससे क्षुब्ध होकर युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। देर शाम तक पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी गई थी।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सिरोमन नगर निवासी रामशरण गुप्ता के दो बेटे थे। बड़ा बेटा छोटू दिल्ली में नौकरी करता है और छोटा विमलेश उर्फ जंडैल (30) छोटा गांव में रहकर गल्ला खरीदने का काम करता था।
रामशरण ने बताया कि गांव के बाहर सुचेता नाले के पास बाग में रोज जुए की फड़ लगती है। वहां विमलेश भी आए दिन जुआ खेलने जाता था। पिता और पत्नी ने उसे कई बार मना किया लेकिन उसकी आदत में सुधार नहीं हुआ। दो दिन पहले रामशरण काम के सिलसिले में बाहर गया था। बुधवार शाम विमलेश गल्ला बिक्री के लगभग 30 हजार रुपये जुए में हार गया। इस पर घर लौटने पर पत्नी से उसकी कहासुनी हो गई। वह दूसरे कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार सुबह लगभग सात बजे तक वह बाहर नहीं आया, तो पत्नी उसे जगाने गई। कमरे की कुंडे में गमछे से बने फंदे पर उसका शव लटक रहा था। उसके एक पुत्र और एक पुत्री है।
पिता ने रामशरण गुप्ता ने बताया कि जुए में रुपये हारने के बाद पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी। थाना प्रभारी हेमंत राय ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। परिजनों ने फिलहाल थाने में सूचना नहीं दी है।