माधौगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम समुखा में नवविवाहिता की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले में फंदा लगने से मौत होना पाया गया है। शरीर पर किसी तरह के कोई चोट के निशान न पाए जाने के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को मामला हत्या व आत्महत्या के बीच उलझता नजर आ रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दहेज हत्या में दर्ज है। जांच क्षेत्राधिकारी के पास है। जांच के बाद ही गिरफ्तारी संभव होगी।
थाना क्षेत्र के गंाव समुखा निवासी सूरज की पत्नी नीलू (22) की हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लड़की के पिता सुशील निवासी समसापुर थाना कछौना ने लगाए थे। थाने में दी गई तहरीर में उन्होंने बताया था कि दहेज की मांग पूरी न करने पर उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई और उसको आत्महत्या का रूप देने के लिए उसको लटका दिया गया।
पिता ने पति सूरज, ससुर रामखेलावन, सास मीना, देवर आदर्श उर्फ छोटे पर हत्या करने का आरोप भी लगाया था। उसका पोस्टमार्टम गुरुवार को कर दिया गया। पोस्टमार्टम में पुलिस ने उसकी मौत का कारण हैंगिंग बताया है। जिसके बाद मौत का कारण हत्या व आत्महत्या के बीच एक बार फिर उलझ गया है। हालांकि थानाध्यक्ष जटाशंकर सिंह का कहना है कि मुकदमा चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या में दर्ज है। जिसकी जांच क्षेत्राधिकारी बिलग्राम कर रहे हैं। जांच के बाद जो होगा वैसे ही गिरफ्तारी की जाएगी। उधर, नीलू के एक माह के बेटे की उसकी दादी मीना देखभाल कर रही हैं।