शाहाबाद (हरदोई )। दरोगा और कोटेदार के घर से शुक्रवार रात चोर जेवर सहित नौ लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। चोर पीछे की दीवारें फांदकर दोनों घरों में घुसे थे। सुबह उठने पर परिजनों को चोरी का पता चला। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। दरोगा और कोटेदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिलहरी गांव निवासी दरोगा विमलेश वाजपेयी परिवार सहित शाहजहांपुर में रहते हैं, जबकि सेना में तैनात उनके भाई प्रदीप वाजपेयी का परिवार हरिद्वार में रहता है। तीसरे भाई अभिषेक गांव में रहकर खेती करते हैं। अभिषेक की पत्नी बच्चों के साथ मायके फर्रुखाबाद गई थी।
अभिषेक कमरे में सो रहा था। शुक्रवार रात घर के पीछे से चोर छत पर चढ़े और आंगन में कूद गए। चोर प्रदीप वाजपेयी के कमरे से करीब दो लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, अभिषेक के कमरे से दो लाख के जेवर व 15 हजार रुपये उठा ले गए। एक कमरे में रखी लाइसेंसी बंदूक को चोरों ने हाथ नहीं लगाया।
अभिषेक के एक घर छोड़कर कोटेदार उदय प्रताप वाजपेयी का मकान है। कोटेदार के घर के पीछे की दीवार फांदकर चोर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरो में लगे ताले लोहे की राड से तोड़ डाले और संदूक व अलमारी में रखी सोने की चार चेन, 3 जोड़ी झुमकी, 2 बाली, 9 अंगूठी, पाजेब, चांदी के 68 सिक्के और 25 हजार रुपये सहित पांच लाख का माल ले उडे़।
कोटेदार के कमरे में भी लाइसेंसी बंदूक रखी थी। चोर उसे छोड़ गए। सुबह उठने पर दोनों परिवार के लोगों को चोरी का पता चला। कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। खबर मिलने पर दरोगा विमलेश वाजपेयी भी गांव पहुंच गए थे। विमलेश और उदय प्रताप की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।