सुरसा (हरदोई)। मिठाई दिलाने का लालच देकर नशे में धुत युवक छह वर्षीय बच्ची को उठा ले गया और दुष्कर्म किया। गांव के रसूखदार सुबह तक घटना को दबाए रहे। पीड़ित पक्ष पर समझौता करने का दबाव भी डालते रहे। सुबह पीड़ित पक्ष की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। जांच पड़ताल कर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा। हालांकि देर से अस्पताल पहुंचने के कारण बच्ची का मेडिकल नहीं हो पाया।
सुरसा थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को बारात आई थी। शादी के घर में पड़ोसी की छह वर्ष की एक बच्ची भी अन्य बच्चों के साथ गई थी। देर रात करीब साढ़े दस बजे जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच गांव का गोपाल शुक्ल (25) नशे में धुत होकर शादी समारोह में पहुंचा।
आरोप है कि बारात में बच्चों के साथ खेल रही मासूम को गोपाल ने बहाने से पास बुलाया। उसने मिठाई दिलाने का लालच देकर बच्ची को गोद में उठा लिया और बाहर लेकर चला गया। बच्ची को अपने घर के पास खड़े ट्रैक्टर में ले गया। वहां उसने बच्ची से दुष्कर्म किया और भाग निकला।
किसी तरह बच्ची घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। आरोपी के समर्थन में गांव के कुछ लोग मामले को दबाए रहे और पीड़ित पक्ष पर सुलह-समझौते का दबाव डालते रहे। बच्ची के नाना सुलह को तैयार नहीं हुए और सुबह करीब 10 बजे यूपी-100 पुलिस को सूचना दी।
पुलिस गांव पहुंची और जांच पड़ताल कर बच्ची को लेकर मेडिकल के लिए शाम करीब तीन बजे जिला अस्पताल पहुंची। डॉक्टर न होने के कारण अस्पताल से बच्ची को प्राथमिक उपचार देकर लौटा दिया गया। सुरसा थानाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित बच्ची के नाना की तहरीर पर गोपाल के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है। परिजनों ने बताया कि पीड़ित बच्ची कक्षा दो की छात्रा है। वह करीब डेढ़ महीने पहले नाना के घर आई थी। जिला अस्पताल प्रभारी सीएमएस डॉ. रवींद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में बच्ची देरी से लाई गई थी। उस वक्त चिकित्सक नहीं था, इसलिए बच्ची का मेडिकल परीक्षण नहीं किया जा सका। मंगलवार को बच्ची को मेडिकल के लिए बुलाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।