शहर कोतवाली में मूर्ति तोडे़े जाने की शिकायत करने आए तत्योरा के ग्रामीण।
- फोटो : Amar ujala
शहर कोतवाली क्षेत्र में तत्योरा गांव में चुनाव के समय माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। मंगलवार रात असामाजिक तत्व गांव में लगी भगवान बुद्ध की मूर्ति उखाड़ ले गए। बुधवार सुबह जानकारी होने पर ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल के दूसरी मूर्ति रखने का आश्वासन दिया, इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
शहर कोतवाली के तत्योरा गांव में विधायक छोटेलाल ने साल 1990 में भगवान बुद्ध की मूर्ति लगवाई थी। मंगलवार रात असामाजिक तत्व मूर्ति उखाड़ ले गए। बुधवार सुबह ग्रामीणों को मूर्ति गायब मिली। मूर्ति गायब होने की शिकायत लेकर करीब 25 से 30 ग्रामीण शहर कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि भगवान बुद्ध में उनकी आस्था है। वह लोग परिवार में होने वाले मुंडन संस्कार आदि इसी स्थान पर कराते हैं और नियमित तौर से पूजा करते हैं। मूर्ति उखाड़े जाने से उनकी भावनाओं को ठेस लगी है।
ग्रामीण मामला दर्ज कर असामाजिक तत्वों की खोजकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि जानबूझ कर मूर्ति को उखाड़ा गया है। कोतवाल कमलेश नारायण पांडेय ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। उनके दूसरी मूर्ति रखने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण शांत हुए। कोतवाल का कहना था कि चुनाव के समय असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से मूर्ति गायब की है। कोतवाली पहुुंचे ग्रामीणों में अनिल कुमार, राजकुमार, सोने लाल, कल्लू, राम बक्स, सोने लाल, धीरेंद्र कुमार, जमुना, रामबेटी, मालती, कन्या देवी, तृप्ती, फूलमती आदि रहे।