पोस्टमार्टम हाउस पर खड़े शोकाकुल परिजन।
- फोटो : amar ujala
टिकारी में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में वृद्ध की मौत के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, दूसरी ओर एसपी विपिन कुमार मिश्र ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक के परिजनों से पूछताछ की।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकारी में गुरुवार रात ग्राम प्रधान सत्यपाल सिंह के भाई पवन सिंह और गांव के ही मुन्ना के बीच विवाद हो गया था। बताया जाता है कि प्रधान पक्ष के लोगों ने मुन्ना की पिटाई कर दी थी। इस पर मुन्ना ने मदद के लिए गांव के ही अनिल तिवारी को फोन किया था।
घटना के समय अनिल बालामऊ में थे, लेकिन मारपीट की बात सुनकर बीच बचाव के लिए गांव पहुंच गए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों से फायरिंग हुई थी। फायरिंग में अनिल तिवारी के ताऊ रामसेवक तिवारी (60) की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
शुक्रवार को ही पुलिस ने अनिल तिवारी की तहरीर पर ग्राम प्रधान सत्यपाल सिंह, उनके पुत्र दीपू सिंह, भाई पवन सिंह और सोनू सिंह के अलावा गांव के मुन्नालाल पुत्र राजाराम के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी विपिन कुमार मिश्र ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने घटना के बारे में मृतक के भाई विशनु तिवारी से जानकारी हासिल की।