सुरसा (हरदोई)। सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहा के पास पुलिस और ग्रामीणों से घिरे एक बदमाश ने खुद को गोली मार जान दे दी, जबकि दूसरे को पुलिस ने धर दबोचा। तीसरा भागने में सफल रहा। तीनोें हिस्ट्रीशटर थे। इनके खिलाफ हरदोई, शाहजहांपुर सहित अलग-अलग जिले में मुकदमे दर्ज थे।
सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहे पर सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक से आए तीन युवकों को पुलिस ने रोक लिया। तीनों युवक बाइक छोड़ कर सेमरा चौराहा से बघौली रोड की तरफ भागने लगे। इस पर पुलिस और ग्रामीणों ने तीनों को दौड़ा लिया। कुछ दूर बाद जाकर तीनों अलग- अलग दिशा में भागने लगे। पुलिस के मुताबिक एक बदमाश को बदमाश लिया गया, जबकि दूसरा भाग निकला।
तीसरा बदमाश करीब डेढ़ किलोमीटर तक भागता रहा। सामने से ललकारते हुए ग्रामीण भी आ गए। पीछे पुलिस और आगे ग्रामीणों से घिरा देख बदमाश ने तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर तमंचा व खोखा सहित 7 कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए बदमाश ने अपना परिचय शाहजहापुर के चमकनी करमला निवासी ओवेश बताया।
ओवेश से मिली जानकारी के अनुसार मरने वाले बदमाश का शाहजहांपुर के आनंदपुर कालोनी निवासी धीरज उर्फ मुन्ना (27) था। तीसरा भी शाहजहांपुर का ही निवासी था। तीनों के खिलाफ दुष्कर्म, लूट, गैगेस्टर आदि के कई मामले दर्ज है। शाहजहांपुर पुलिस से जानकारी जुटाई जा रही है। जिले में इन बदमाशों किन घटनाओं का अंजाम दिया और आज किस वजह से यहां आए थे इसको लेकर जांच की जा रही है ।