पिहानी (हरदोई)। पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बेखौफ चोरों ने रविवार रात एक घर में धावा बोलते हुए जेवर, नगदी और बाइक चोरी कर ली। पीड़ित ने रात में ही पुलिस को वारदात की सूचना दी। रात में ही पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश में कांबिंग की लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। कस्बा चौकी प्रभारी हरिओम गुप्ता ने बताया मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस चौकी से तकरीबन पांच सौ कदम दूर पियाबाग रोड पर स्थित एजाज़ हुसैन के मकान में चोर बीती रात बाहरी दीवार में छूटी हुई ईंटों के सहारे छत पर चढ़ कर अंदर घुसे।
एजाज की पत्नी शम्मो ने बताया कि वह, पति और बच्चे जिस कमरे में थे, चोरों ने बाहर से उसे बंद कर दिया और कमरे की कुंडी खोल कर अंदर घुसे और वहीं पर्स में रखी चाभियां ढूंढ़ कर अलमारी व बक्से खोल कर सोने- चांदी के जेवर, पचास हजार नगद व दरवाजे के पास खड़ी सुपर स्प्लेंडर बाइक चोरी कर ले गए।
खटपट पर जब उसकी आंख खुली तो बाहर निकलने का प्रयास किया। अंदर के दरवाजे बाहर से बंद थे। बाहरी दरवाजे को खोल कर वह लोग खुले पड़े मेन गेट से घर के अंदर घुसे तो चोरी होने का पता चला।
एजाज ने रात को ही मामले की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पहुंची पुलिस ने रात में ही पड़ताल और कांबिंग भी की। कस्बा चौकी पुलिस प्रभारी हरिओम गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मांगी गई थी लेकिन दोपहर बाद तक कोई तहरीर नहीं मिली। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।