हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र निवासी युवती क ी मेडिकल जांच रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने गुरुवार को युवती की मेडिकल जांच कराई थी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को बूढ़नपुर निवासी युवकों के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद भी पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
मझिला थाना क्षेत्र निवासी युवती (18) मंगलवार शाम करीब 6 बजे घर से खेतों की तरफ शौच के लिए गई थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर निवासी दीपक व संदीप उसका पीछा करते हुए खेतों की तरफ पहुंच गए। दोनों युवक उसका मुंह बंद कर गन्ने के खेत में खींच ले गए थे ।
युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया था । दुष्कर्म आरोपियों ने इस संबंध में किसी को बताने पर युवती और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी थी। घर पहुंचकर युवती ने परिजनों को आप बीती बताई थी।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने दीपक व संदीप के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की थी। युवती का मेडिकल कराया था। जिला महिला अस्पताल सूत्रों के अनुसार जांच रिपोर्ट में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। एसओ अमित भदौरिया का कहना है कि जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।