थानाक्षेत्र के ग्राम रामपुर अठगवां निवासी महिला ने जेठानी से झगड़े के बाद फांसी लगाकर जान दे दी।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर अठगवां निवासी लक्ष्मी (24) पत्नी बृजेंद्र का शव सोमवार को घर के कमरे में फांसी पर लटका देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी की शादी दो साल पहले बृजेंद्र के साथ हुई थी। बृजेंद्र के बड़े भाई अमित को लक्ष्मी की बड़ी बहन ब्याही है। अमित और बृजेंद्र दिल्ली में रहते हैं। घर में लक्ष्मी, उसकी जेठानी और ससुर रहते हैं। सोमवार को ससुर खेत पर गया था। इस बीच लक्ष्मी का जेठानी से विवाद हो गया। जिससे नाराज होकर लक्ष्मी कमरे में चली गई। काफी देर तक लक्ष्मी बाहर नहीं निकली तो बड़ी बहन उसे बुलाने कमरे में गई। जहां लक्ष्मी का शव फांसी पर लटकता मिला। घटना की जानकारी अमित और बृजेंद्र को भेज दी गई है। लक्ष्मी के पिता ब्रजनंदन निवासी ग्राम राघौपुर कोतवाली मल्लावां भी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ अनुराग मिश्र ने बताया कि पिता व परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।