बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-कन्नौज मार्ग पर आईटीआई के पास कार की टक्कर से घायल छात्रा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी कोमल (8) पुत्री धरमू दो माह पहले अपने नाना दीवारी पुरवा निवासी सुखवासी के घर अपनी मां रूपा के साथ आई थी। वहीं से सोमवार को मां-बेटी राजघाट पर गंगा स्नान करने गईं थीं। वहां से शाम को लौटते समय कन्नौज-बिलग्राम मार्ग पर कार की टक्कर से कोमल घायल हो गई। जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने पर परिजन उसे लखनऊ ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार देर शाम शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। परिजनों ने बताया कि वह दो भाई बहन है। इस संबंध में बिलग्राम कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को राम नगरिया में आग लग गई थी। इसलिए पंचनामा भरने में कुछ समय लग गया था। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।